मिनी नंदिनी योजना 2026: 10 देसी गायों की डेयरी पर ₹11.80 लाख तक की सब्सिडी, जानें पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अंतिम तिथि

Jul 1, 2026 - 21:34
Jul 1, 2026 - 21:53
 0  2
मिनी नंदिनी योजना 2026: 10 देसी गायों की डेयरी पर ₹11.80 लाख तक की सब्सिडी, जानें पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अंतिम तिथि

लखनऊ, अवधी किसान। उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने तथा देसी नस्ल की गायों के संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत मिनी नंदिनी योजना 2026 शुरू की है। इस योजना के तहत 10 देसी गायों की डेयरी यूनिट स्थापित करने वाले पात्र लाभार्थियों को ₹11.80 लाख तक की सब्सिडी दी जाएगी। इसके साथ ही बैंक ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इच्छुक किसान 21 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

10 देसी गायों की डेयरी पर मिलेगी ₹11.80 लाख की सब्सिडी

पशुपालन विभाग के अनुसार 10 देसी गायों की डेयरी यूनिट की कुल लागत ₹23.60 लाख निर्धारित की गई है। सरकार कुल परियोजना लागत का 50 प्रतिशत (अधिकतम ₹11.80 लाख) अनुदान देगी। शेष राशि में 35 प्रतिशत तक बैंक ऋण मिलेगा, जबकि लाभार्थी को कम से कम 15 प्रतिशत राशि स्वयं निवेश करनी होगी।

इन देसी नस्ल की गायों पर मिलेगा योजना का लाभ

मिनी नंदिनी योजना के तहत केवल भारतीय देसी नस्ल की गायों को शामिल किया गया है। इनमें प्रमुख रूप से—

  • साहीवाल
  • गीर
  • थारपारकर

नस्ल की गायें शामिल हैं। खरीदी जाने वाली गाय पहली या दूसरी बार बछड़ा दे चुकी हो तथा बछड़ा दिए हुए 45 दिन से अधिक समय न हुआ हो। सभी गायों का ईयर टैग और बीमा कराना अनिवार्य होगा।

प्रदेश के सभी 75 जिलों में लागू योजना

पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. मेम पाल सिंह के अनुसार यह योजना उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में लागू है। महिलाओं को डेयरी व्यवसाय से जोड़ने के लिए कुल लाभार्थियों में 50 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं के लिए निर्धारित किया गया है।

मिनी नंदिनी योजना की पात्रता

योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक को निम्न शर्तें पूरी करनी होंगी—

कम से कम 3 वर्ष का गाय या भैंस पालन का अनुभव।

डेयरी यूनिट के लिए 0.20 एकड़ भूमि।

हरे चारे के लिए 0.80 एकड़ भूमि (स्वयं की, पैतृक या 7 वर्ष की पंजीकृत लीज)।

भूमि जलभराव से मुक्त हो।

10 गायों के पालन हेतु पर्याप्त स्थान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों।

किन लोगों को नहीं मिलेगा लाभ

निम्न योजनाओं का लाभ ले चुके व्यक्ति इस योजना के पात्र नहीं होंगे—

  • कामधेनु योजना
  • मिनी/माइक्रो कामधेनु योजना
  • नंदिनी कृषक समृद्धि योजना
  • मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना

आवेदन कैसे करें?

इच्छुक किसान 21 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन ऑनलाइन नंद बाबा दुग्ध मिशन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। जहां ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां संबंधित मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) या मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय में आवेदन जमा किया जा सकता है। निर्धारित संख्या से अधिक आवेदन आने पर चयन ई-लॉटरी के माध्यम से होगा।

दो चरणों में मिलेगी सब्सिडी

सरकार अनुदान राशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से लाभार्थी के बैंक खाते में भेजेगी।

  • पहला चरण: डेयरी शेड एवं आधारभूत ढांचा तैयार होने पर 25 प्रतिशत अनुदान।
  • दूसरा चरण: निर्धारित मानकों के अनुसार गायों की खरीद पूरी होने पर शेष 25 प्रतिशत अनुदान।

किसानों के लिए सुनहरा अवसर

मिनी नंदिनी योजना डेयरी व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक किसानों और पशुपालकों के लिए एक बड़ी सौगात है। सरकारी सब्सिडी, बैंक ऋण और देसी नस्ल की गायों के संरक्षण को बढ़ावा देने वाली यह योजना किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Awadhi Kisan A Former Magazine