स्वचलित वर्टिकल कन्वेयर रीपर कृषि यंत्र क्या है? इसकी विशेषताएँ और सब्सिडी की जानकारी

Aug 2, 2025 - 08:46
Sep 3, 2025 - 13:31
 0  4
स्वचलित वर्टिकल कन्वेयर रीपर कृषि यंत्र क्या है? इसकी विशेषताएँ और सब्सिडी की जानकारी

वर्तमान समय में किसानों को फसल कटाई के दौरान मजदूरों की कमी से दो चार होना पड़ता है, साथ ही कटाई में देरी के कारण फसल की लागत भी बढ़ रही है, यही कारण है कि फसल कटाई में स्वचालित कृषि मशीनों का उपयोग बढ़ा है। किसान हार्वेस्टर से गेहूँ एवं धान जैसी फसलों को कटवाना अधिक पसंद करते हैं। हालांकि हार्वेस्टर की कमी के कारण किसानों को वह समय पर नहीं मिलता है। ऐसे में किसान रीपर कृषि यंत्र का प्रयोग कर सकते हैं।

बाजार में कई तरह के रीपर कृषि यंत्र मौजूद हैं। इसमें स्वचालित वर्टिकल कन्वेयर रीपर, ट्रैक्टर चलित वर्टिकल कन्वेयर रीपर, स्वचालित रीपर प्रमुख है। किसान अपनी जरूरत के अनुसार रीपर कृषि यंत्र खरीद कर उसका उपयोग कर सकते हैं। रीपर यंत्र खरीदने के लिए सरकार की ओर से किसानों को सब्सिडी भी दी जाती है। 

स्वचलित वर्टिकल कन्वेयर रीपर 

स्वचलित वर्टिकल कन्वेयर रीपर यंत्र एक इंजन चालित मशीन है, जो गेहूँ, धान और तिलहन फसलों की कटाई के लिए उपयोगी है। इस मशीन में इंजन, पॉवर ट्रांसमिशन बॉक्स, कटर बार, फसल पंक्ति डिवाइडर सहित कन्वेयर बेल्ट, स्टार व्हील, ऑपरेटिंग कंट्रोल और एक मजबूत फ्रेम लगी होती है। इसमें बेल्ट पुली के द्वारा इंजन पॉवर कटर बार और कन्वेयर बेल्ट को प्रेषित की जाती है। इसमें किसान को मशीन के पीछे चलना पड़ता है। 

यह मशीन फसल को काट कर ज़मीन पर सामान रूप से गिराती जाती है। इससे फसल को आसानी से इकट्ठा कर उसका गट्ठर बनाने में मदद मिलती है। इससे नुकसान की संभावना भी कम होती है। किसान के पास यह मशीन होने से किसी दूसरे व्यक्ति पर निर्भर रहने की जरूरत भी नहीं पड़ती। किसान खुद ही इस यंत्र की मदद से कम समय में अपनी फसल काट सकता है। 

डीजल इंजन की मदद से चलता है यह यंत्र

यंत्र की लंबाई 2570 मिमी, चौड़ाई 1850 मिमी और ऊँचाई 1250 मिमी तक होती है। वहीं इसका वजन 85 किलोग्राम से 145 किलोग्राम तक हो सकती है। जबकि फसल पंक्ति डिवाइडर की संख्या 4 से 6 होती है। इसमें दांतेदार V आकार के ब्लेडों के साथ कटरबार लगी होती है। यह मशीन डीजल इंजन की मदद से चलती है। इस मशीन से 0.20 से 0.40 हेक्टेयर प्रति घंटे फसल की कटाई की जा सकती है।

स्वचलित वर्टिकल कन्वेयर रीपर पर अनुदान 

केंद्र सरकार द्वारा सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाईजेशन योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत किसानों को स्वचलित वर्टिकल कन्वेयर रीपर पर अनुदान दिया जाता है। योजना के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, लघु, सीमांत एवं महिला किसानों को कृषि यंत्र की कीमत पर 50 प्रतिशत एवं अन्य वर्ग के किसानों को 40 प्रतिशत तक की सब्सिडी दी जाती है। वहीं कुछ राज्य सरकारों के द्वारा अलग-अलग योजनाओं के तहत 40 से 80 प्रतिशत तक की भी सब्सिडी दिये जाने का भी प्रावधान है।

स्वचलित वर्टिकल कन्वेयर रीपर की कीमत

बाजार में कई कंपनियों के स्वचलित वर्टिकल कन्वेयर रीपर कृषि यंत्र मौजूद हैं, जिनकी कीमत 80 हजार से 1,30,000 रुपये तक होती है। किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार इसे खरीद सकते हैं। किसान यदि सरकारी योजना के तहत इस यंत्र को खरीदना चाहते हैं तो वे अपने जिले के कृषि विभाग में आवेदन कर सकते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Awadhi Kisan A Former Magazine